बीसीसीआई ने पाकिस्तान के हवाई हमले में मारे गए अफगान क्रिकेटरों की मौत पर जताया शोक

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में पाकिस्तान द्वारा किए गए सीमा पार हवाई हमलों में तीन युवा अफगान क्रिकेटरों कबीर आगा, सिबगतुल्लाह और हारून की दुखद मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बीसीसीआई ने दुख की इस घड़ी में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी), क्रिकेट समुदाय और दिवंगत खिलाड़ियों के परिवारों के साथ एकजुटता जताई और हमले की निंदा की।

बीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि निर्दोष लोगों और होनहार खिलाड़ियों की जान जाना बेहद दुखद और चिंता का विषय है। उन्होंने अफगानिस्तान के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बीसीसीआई उनके दुख और क्षति में शामिल है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी इस हमले में तीन युवा क्रिकेटरों की मौत पर गहरा दुख और स्तब्धता व्यक्त किया। आईसीसी ने कहा कि हमले ने क्रिकेट परिवार, समुदाय और परिवारों से तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छीना, जिनका केवल लक्ष्य खेल में उत्कृष्टता हासिल करना था।

इस घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अगले महीने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली त्रिकोणीय सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया। एसीबी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इस घटना को कायराना हमला बताया और पाकिस्तानी शासन पर आरोप लगाया। एसीबी ने कहा कि हमला अफगानिस्तान के खेल समुदाय, खिलाड़ियों और क्रिकेट परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। शहीद खिलाड़ियों के शोक संतप्त परिवारों और पक्तिका प्रांत के लोगों के प्रति बोर्ड ने अपनी गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त की। -(IANS)