बेंजामिन नेतन्याहू ने नरेंद्र मोदी की सराहना की, नेसेट में ऐतिहासिक स्वागत

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इजराइली संसद में संबोधन से पहले स्वागत किया और उन्हें “इजराइल का महान मित्र, भारत-इजराइल गठबंधन के बड़े समर्थक और विश्व मंच के महान नेता” बताया।

नेसेट में गर्मजोशी भरा स्वागत

नेतन्याहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा ने उन्हें गहराई से भावुक कर दिया। उन्होंने उन्हें “प्रिय मित्र” बताते हुए कहा कि उनके इस दौरे से अधिक वे पहले कभी इतने प्रभावित नहीं हुए। इजराइल की संसद नेसेट (Knesset) में प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत हुआ और उनके पहुंचने पर “मोदी, मोदी” के नारे लगे, साथ ही उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया।

भारत-इजराइल संबंधों की प्रगति पर जोर

नेतन्याहू ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली यात्रा के बाद दोनों देशों ने व्यापार को दोगुना किया, सहयोग को तिगुना किया और आपसी समझ को चार गुना मजबूत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को “मित्र से भी बढ़कर, भाई” बताते हुए भारत-इजराइल संबंधों की मजबूती को रेखांकित किया।

पहले भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में संबोधन

नेसेट के स्पीकर अमीर ओहाना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करना उनके लिए गौरव की बात है और वे नेसेट को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत यरुशलम में किया गया। (इनपुट: एजेंसी)