प्रतिक्रिया | Monday, March 17, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि, भारत के 95 फीसदी गांव 4जी नेटवर्क से जुड़े

भारत के ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। केंद्र सरकार ने आज गुरुवार को बताया कि देश के 95 प्रतिशत से अधिक गांव अब 4जी नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। कुल 6,44,131 गांवों में से 6,22,840 गांवों में मोबाइल नेटवर्क कवरेज है, जिनमें 6,14,564 गांव 4जी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।

राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में संचार और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) के तहत 4,543 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) बस्तियों को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। इनमें से 1,136 बस्तियां अब 4जी मोबाइल सेवाओं से जुड़ चुकी हैं।

डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि इन बस्तियों में मोबाइल टाॅवर लगाने के लिए 1,018 टाॅवरों को मंजूरी दी गई है। यह काम डिजिटल भारत निधि के तहत हो रहा है, जिसमें करीब 1,014 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

5जी नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार

डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि देश के 779 जिलों में 5जी सेवाएं उपलब्ध हो चुकी हैं। अब तक 4.6 लाख से ज्यादा 5जी बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) लगाए जा चुके हैं। दूरसंचार सेवा प्रदाता (टीएसपी) निर्धारित दायित्वों से आगे बढ़ते हुए 5जी सेवाओं का विस्तार कर रहे हैं। 5जी सेवाओं के लिए स्पेक्ट्रम की नीलामी और अन्य सुधारों से नेटवर्क विस्तार को गति मिली है।

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल क्रांति

डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि दूरसंचार सेवाओं के विस्तार के लिए मोबाइल टाॅवर लगाने की परियोजनाएं चल रही हैं। विशेष रूप से दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इस पहल के तहत ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों को जोड़ा जा रहा है जिससे डिजिटल कनेक्टिविटी का लाभ हर नागरिक तक पहुंचेगा।

आगंतुकों: 20448588
आखरी अपडेट: 17th Mar 2025