खान मंत्रालय का गुजरात के पोरबंदर में बड़ा रोड शो, देश के पहले अपतटीय क्षेत्र खनिज ब्लॉक होगी नीलामी

खान मंत्रालय शनिवार को गुजरात के पोरबंदर में बड़ा रोड शो करेगा। इसमें देश के अपतटीय क्षेत्रों में खनिज ब्लॉकों की पहली ई-नीलामी की झांकी प्रमुखता से दर्शाई जाएगी। ई-नीलामी के इस चरण में कुल 13 खनिज ब्लॉक शामिल हैं।

खनन, सीमेंट और बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनियां होंगी शामिल
खान मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक कार्यक्रम की अध्यक्षता खान मंत्रालय के सचिव वीएल कांथा राव करेंगे। गुजरात के भूविज्ञान और खान आयुक्त धवल पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा उद्योग जगत के नेता इसमें शामिल होंगे। इसके साथ ही खनन, सीमेंट और बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के इसमें भाग लेने की संभावना है, जो इस परिवर्तनकारी अवसर में बढ़ती रुचि को दिखाता है।

रोड शो में में क्या होगा खास
मंत्रालय ने कहा कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण अपतटीय ब्लॉकों की खनिज क्षमता पर तकनीकी प्रस्तुति देगा। रोड शो में एसबीआई कैपिटल मार्केट्स (एसबीआईसीएपीएस), मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएसटीसी) और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की तरफ से प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं, एसबीआई कैपिटल मार्केट्स नीलामी प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार करेगा, जिसमें समय-सीमा, निविदा और भागीदारी की शर्तें शामिल होंगी। साथ ही मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉर्पोरेशन लिमिटेड निर्बाध और पारदर्शी बोली प्रक्रिया सुनिश्चित करने वाले उन्नत ई-नीलामी प्लेटफ़ॉर्म प्रस्तुत करेगा।

28 नवंबर को अपतटीय खनिज ब्लॉकों की भारत की पहली ई-नीलामी का शुभारंभ
केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने 28 नवंबर 2024 को अपतटीय खनिज ब्लॉकों की भारत की पहली ई-नीलामी का शुभारंभ किया था। यह कार्यक्रम इसी सिलसिले में आयोजित किया जा रहा है। नीलामी के इस चरण में लिए कुल 13 खनिज ब्लॉक हैं। ई-नीलामी में गुजरात में 3 लाइममड (चूना-पत्थर) ब्लॉक, केरल में 3 भवन निर्माण रेत ब्लॉक के साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सात पॉलीमेटेलिक नोड्यूल और क्रस्ट ब्लॉक है।

RELATED ARTICLES

5 mins ago | Digital India and Welfare Schemes

पीएम मोदी के 25 वर्ष : गुजरात से वैश्विक मंच तक विकास, सुशासन और बदलते भारत की कहानी

सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष का कालखंड केवल समय की गणना नहीं, बल्कि नीतियों, निर्णयों, उपलब्धियों, च...

1 hour ago

पीएम मोदी ने नेतृत्व के 25 साल पूरे होने पर मिली अंतरराष्ट्रीय शुभकामनाओं का किया धन्यवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर विश्व नेताओं...