प्रतिक्रिया | Monday, April 21, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में मिली बड़ी कामयाबी, 17 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 17 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ये सभी नक्सली गंगालूर क्षेत्र समिति के सदस्य थे और अलग-अलग भूमिकाओं में सक्रिय थे।

पिछले महीने भी सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। फरवरी में बीजापुर जिले के तीन अलग-अलग इलाकों में 18 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया था। उसूर थाना क्षेत्र के गुंजेपर्ती जंगल से 10 नक्सलियों को विस्फोटकों के साथ पकड़ा गया, जबकि बसागुड़ा थाना क्षेत्र के राजपेण्टा जंगल से 7 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और भैरमगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 नक्सली को विस्फोटकों के साथ पकड़ा गया।

इससे पहले, 9 फरवरी को बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षा बलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया था। इस अभियान को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जवानों की बहादुरी की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि सरकार नक्सलियों के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है और इस अभियान में जवानों ने बेहतरीन काम किया है। हालांकि, इस मुठभेड़ में दो जवान भी शहीद हुए थे।

इसके अलावा, 1 फरवरी को भी सुरक्षा बलों ने बीजापुर जिले में 8 नक्सलियों को मार गिराया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहा है। सरकार और सुरक्षा बल नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और विकास लाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिल रही है।

आगंतुकों: 23963523
आखरी अपडेट: 21st Apr 2025