Print

री-नीट यूजी परीक्षा को लेकर एनटीए का बड़ा अपडेट, 3 मई वाले एडमिट कार्ड नहीं होंगे मान्य

21 जून को आयोजित होने वाली री-नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। परीक्षा से पहले जारी किए गए नए निर्देशों में एनटीए ने स्पष्ट किया है कि 3 मई को जारी किए गए पुराने एडमिट कार्ड मान्य नहीं होंगे और अभ्यर्थियों को केवल 21 जून परीक्षा के लिए जारी नया एडमिट कार्ड ही उपयोग करना होगा।

दोबारा एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की जरूरत नहीं

एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने 21 जून की नीट यूजी परीक्षा के लिए अपना नया एडमिट कार्ड पहले ही डाउनलोड कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है। एजेंसी ने बताया कि एसएमएस, ईमेल और व्हाट्सएप संदेश मुख्य रूप से उन छात्रों के लिए भेजे जा रहे हैं, जिन्होंने अभी तक अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है।

3 मई वाले एडमिट कार्ड होंगे अमान्य

एनटीए ने कहा, “3 मई वाले एडमिट कार्ड मान्य नहीं होंगे, क्योंकि कई छात्रों को उनके पसंदीदा शहरों में नए परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।” एजेंसी के अनुसार, 21 जून के लिए जारी एडमिट कार्ड को एक बार डाउनलोड और प्रिंट करना ही पर्याप्त है।

21 जून को होगी री-नीट यूजी 2026 परीक्षा

री-नीट यूजी 2026 परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध का मामला हाईकोर्ट में

इस बीच, टेलीग्राम पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। याचिका में केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती दी गई है। न्यायाधीश तेजस कारिया की एकल पीठ ने गुरुवार को टेलीग्राम और केंद्र सरकार की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

एनटीए की सिफारिशों के आधार पर उठाया गया कदम

दिल्ली हाईकोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, इस मामले में फैसला शुक्रवार सुबह 10:30 बजे सुनाया जाना है। याचिका में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों को चुनौती दी गई है। ये निर्देश राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की सिफारिशों के आधार पर जारी किए गए थे। (इनपुट: आईएएनएस)