हर घर तिरंगा: बिलासपुर में बिहान की दीदियों को डेढ़ लाख तिरंगों का ऑर्डर, पीएम मोदी का जताया आभार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बिहान योजना से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को डेढ़ लाख तिरंगे बनाने का ऑर्डर मिला है। गनियारी की नारी शक्ति गारमेंट फैक्ट्री में 30 समूहों की 100 से अधिक महिलाएं तिरंगा निर्माण में जुटी हैं, जिससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि देशभक्ति का जज्बा भी जागृत हो रहा है।

महिलाओं ने पीएम मोदी का जताया आभार

स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री का आभार जताया है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चल रहे इस अभियान में तिरंगे की बढ़ती मांग को पूरा करने की जिम्मेदारी इन दीदियों ने संभाली है। गनियारी क्लस्टर की पीआरपी संतोषी साहे ने बताया कि तिरंगे के साथ-साथ बैज भी बनाए जा रहे हैं, जिससे समूह की आय में इजाफा हुआ है।

आर्थिक सशक्तिकरण के साथ देशभक्ति

जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार के इस अभियान के तहत बिलासपुर में दो लाख दीदियां समूहों से जुड़ी हैं। जिला पंचायत परिसर में लगाए गए स्टॉल के माध्यम से तिरंगे बेचे जा रहे हैं। एक तिरंगे की लागत 18 रुपये है, जिसे होलसेल में 25 और रिटेल में 30 रुपये में बेचा जा रहा है। इस साल डेढ़ लाख तिरंगों की बिक्री का लक्ष्य रखा गया है। 

राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक

महिलाएं तिरंगा निर्माण को केवल आर्थिक अवसर ही नहीं, बल्कि देशभक्ति और आत्मसम्मान का प्रतीक भी मान रही हैं। यह अभियान न सिर्फ घर-घर तिरंगा फहराने की प्रेरणा दे रहा है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। (इनपुट-एजेंसी)