लोकसभा चुनाव 2024: लखनऊ से भाजपा प्रत्याशी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना नामांकन किया दाखिल

लोकसभा चुनाव 2024 में लखनऊ से भाजपा प्रत्याशी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। राजनाथ सिंह भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाली लखनऊ संसदीय सीट से तीसरी बार मैदान में हैं। बता दें, लखनऊ मे पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। नामांकन का अंतिम दिन 3 मई है।

1991 से लगातार इस सीट पर भाजपा का कब्जा

ज्ञात हो, 1991 से लगातार इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। 10वीं लोकसभा के लिए 1991 में हुए आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी अटल बिहारी वाजपेयी ने कांग्रेस के रणजीत सिंह को परास्त किया था। अटल जी को 194,886 (50.90%) वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के खाते में 77583 (20.26%) वोट आए। 1 लाख 17 हजार 303 वोटों के अंतर से अटल जी चुनाव जीते। इस जीत के बाद अटल जी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा, और 1996, 1998, 1999 और 2004 के चुनाव में जीत दर्ज की। 

खास बात यह रही कि हर चुनाव में जीत का अंतर अटल जी बड़ा करते रहे। 1996 के चुनाव में अटल जी ने समाजवादी पार्टी (सपा) सिने स्टार राज बब्बर को हराया। 1998 के चुनाव में सपा प्रत्याशी मशहूर फिल्म निर्देशक मुजफ्फर अली का परास्त किया। 1999 और 2004 के चुनाव में अटल जी ने क्रमश: कांग्रेस के राजा कर्ण सिंह और सपा की डॉ. मधु गुप्ता को शिकस्त दी। 2004 के बाद अटल जी स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय राजनीति से दूर हो गए। 

लखनऊ सीट पर अटल जी की विरासत को लालजी टंडन ने बढ़ाया आगे 

अटल बिहारी वाजपेयी के सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने के बाद लखनऊ सीट से अटल जी के निकट सहयोगी पूर्व मंत्री लालजी टंडन ने 2009 के आम चुनाव में जीत हासिल की। टण्डन ने कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. रीता बहुगुणा जोशी को हराया। 2014 के आम चुनाव में भाजपा की टिकट पर उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह मैदान में उतरे। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रीता बहुगुणा जोशी को 2 लाख 72 हजार 749 मतों के अंतर से पराजित किया। 

2019 में दोबारा जीते राजनाथ

2019 के आम चुनाव में दूसरी बार राजनाथ सिंह भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरे। उनका मुकाबला सपा की पूनम शत्रुघन सिन्हा और कांग्रेस के आचार्य प्रमोद कृष्णन से था। राजनाथ सिंह ने सपा उम्मीदवार पूनम शत्रुघन सिन्हा को 3 लाख 47 हजार 302 मतों के अंतर से परास्त किया। राजनाथ सिंह को 633,026 (56.64%) और पूनम सिन्हा को 285,724 (23.57%) वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी 180,011 (16.11%) वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे।

2024 चुनाव का हाल-चाल

18वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को मैदान में उतारा है। राजनाथ सिंह लखनऊ सीट से भाजपा की नौंवी जीत के लिए मैदान में उतरे हैं। इस जीत के साथ उनकी जीत की भी हैट्रिक हो जाएगी। सपा ने विधायक रविदास मेहरोत्रा पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं बसपा ने सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है।

अटल जी 5 बार रहे सांसद

लखनऊ संसदीय सीट के इतिहास की बात करें तो इस सीट पर अब तक हुए 17 संसदीय चुनाव में आठ बार भाजपा ने यहां जीत दर्ज की है। अटल जी को इस सीट से लगातार 5 बार सांसद बनने का गौरव हासिल है। वहीं कांग्रेस की शीला कौल (1980 और 1984 के चुनाव में) और भाजपा के राजनाथ सिंह 2-2 बार यहां से सांसद बने हैं। इस सीट सिर्फ एक बार 1967 के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार आनंद नारायण मुल्ला भी जीत हासिल कर चुके हैं। (इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)

RELATED ARTICLES

26/12/24 | 3:01 pm | ECI

लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने वोट डालकर बनाया विश्व रिकार्ड, ईसीआई ने जारी की रिपोर्ट

इस साल सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके नया विश्व...

23/11/24 | 2:49 pm | maharashtra assembly election result

महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय, सभी 288 सीटों के रुझान आए

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के रुझान आ गए हैं। महायुति गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त ब...