कर्नाटक भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए नए GST सुधारों का जोरदार स्वागत किया। सोमवार को बेंगलुरु और राज्य के कई हिस्सों में पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया गया।
बेंगलुरु स्थित भाजपा राज्य कार्यालय जगन्नाथ भवन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के समर्थन में नारे लगाए गए। बाद में मल्लेश्वरम इलाके की दुकानों में मिठाइयां बांटी गईं।
इस मौके पर विपक्ष के नेता चाळवाड़ी नारायणस्वामी, विपक्ष के मुख्य सचेतक एन. रविकुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. नारायणस्वामी, राज्य उपाध्यक्ष एन. महेश और कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा के राज्य अध्यक्ष और विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने भी शिवमोग्गा में मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि दो-स्लैब वाला नया GST सिस्टम जनता के लिए “दीवाली गिफ्ट” है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री सीतारमण को बधाई दी और कहा कि यह सुधार जनता को समर्पित है।
विजयेंद्र ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक “गरीबी हटाओ” का नारा दिया लेकिन गरीबी दूर नहीं कर सकी। अब समय आ गया है कि भारत आत्मनिर्भर बने और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य पूरा करे।
उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए योजनाबद्ध रणनीति की जरूरत है और भारत को स्वदेशी उत्पादों पर ज़्यादा ध्यान देना चाहिए।
इस दौरान विधान परिषद के सदस्य डी.एस. अरुण और डॉ. धनंजय सर्जी समेत कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


