रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से निर्मित पहली खेप की ब्रह्मोस मिसाइलों को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल का करिश्मा किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल ने जिस स्थान पर निशाना साधा, वहां सटीक प्रहार किया, जो इसकी अद्भुत सटीकता और क्षमता को दर्शाता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि ब्रह्मोस केवल एक मिसाइल नहीं, बल्कि भारत की स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं की बढ़ती ताकत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस मिसाइल में पारंपरिक वॉरहेड और उन्नत गाइडेड सिस्टम शामिल हैं, जो इसे सुपरसोनिक गति से लंबी दूरी तक सटीक वार करने में सक्षम बनाते हैं। उन्होंने कहा कि गति, सटीकता और ताकत के इस अद्भुत संयोजन ने ब्रह्मोस को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ मिसाइल प्रणालियों में शामिल कर दिया है, जो आज भारतीय सशस्त्र बलों की रीढ़ बन चुकी है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत अब ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहां वह अपनी सुरक्षा को मजबूत कर रहा है और दुनिया को यह दिखा रहा है कि वह रक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक भरोसेमंद साझेदार है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस जैसी उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि ‘मेक इन इंडिया’ अब केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक वैश्विक ब्रांड बन चुका है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस का फिलीपींस को निर्यात और अन्य देशों के साथ सहयोग यह दर्शाता है कि भारत अब केवल एक उपभोक्ता नहीं, बल्कि एक प्रदाता की भूमिका निभा रहा है। यही आत्मनिर्भर भारत की सच्ची पहचान है, जिसके विजन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 2014 में अपनी यात्रा शुरू की थी। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमें 2047 तक एक पूर्ण विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व नेतृत्व करने वाले भारत का सपना दिया है, और इस दिशा में रक्षा क्षेत्र की भूमिका निर्णायक होगी।
लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। यह केंद्र मिसाइल के असेंबली, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग की पूरी प्रक्रिया को उच्चतम तकनीकी मानकों पर पूरा करता है। पहली मिसाइल खेप के प्रेषण के साथ ही उत्तर प्रदेश अब राष्ट्रीय ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ पहल में एक प्रमुख साझेदार के रूप में उभरा है।-(ANI)


