BRICS समिट 2026: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, आज शाम मोटरकेड रिहर्सल के लिए 22 जगहों पर डायवर्जन

BRICS समिट 2026 से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को मोटरकेड रिहर्सल को लेकर विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें राजधानी की 22 जगहों पर डायवर्जन और 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक रेगुलेशन की जानकारी दी गई है। रिहर्सल मंगलवार शाम 7:45 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। इस दौरान भारत मंडपम, प्रगति मैदान (जहां 11 से 13 सितंबर तक समिट होनी है) और आसपास के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पर रोक या नियंत्रण लागू रहेगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने X पर पोस्ट कर कहा, “8 सितंबर 2026 को शाम 7:45 बजे से रात 10 बजे तक होने वाली मोटर कारकेड रिहर्सल को देखते हुए, दिल्ली के मुख्य रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन और रेगुलेटेड मूवमेंट लागू रहेगा।”

किन सड़कों पर रहेगा असर?

प्रभावित प्रमुख सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, सत्य मार्ग, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, पंचशील मार्ग और कमाल अतातुर्क मार्ग शामिल हैं। डायवर्जन पॉइंट्स में डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग/आउटर सर्कल, जनपथ, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट, वंदे मातरम मार्ग, धौला कुआं, मोती बाग, लोधी रोड और नीला गुंबद शामिल हैं।

यात्रियों के लिए खास सलाह

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, अतिरिक्त समय निकालकर निकलें और इस दौरान मेट्रो समेत पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। इमरजेंसी और जरूरी सेवाओं वाली गाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन (नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन) जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। एयरपोर्ट के लिए मेट्रो से यात्रा करने की पुरजोर सलाह दी गई है। VVIP मूवमेंट के दौरान बसों के रूट बदल सकते हैं, लेकिन मेट्रो सामान्य रूप से चलेगी। टैक्सी और ऑटो चल सकेंगे, हालांकि तय जगहों के अलावा सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। इससे पहले भी दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी थी कि विदेशी मेहमानों के आवागमन के दौरान ट्रैफिक को अस्थायी रूप से नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे पुलिस निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। (इनपुट-एजेंसी)