दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का अभियान तेज, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया जनभागीदारी का आह्वान

दिल्ली सरकार राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 70 लाख पौधारोपण अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मॉडल टाउन क्षेत्र में पौधा लगाकर नागरिकों से इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में मास प्लांटेशन ड्राइव के तहत लगातार पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 7 जुलाई को की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा है। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार समय निर्धारित कर विभिन्न स्थानों पर जाकर पौधे लगा सकते हैं। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभा सकें।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, 70 लाख पौधारोपण अभियान के तहत पार्कों, शैक्षणिक संस्थानों, सड़क किनारे हरित पट्टियों और अन्य चिन्हित स्थानों पर पौधे लगाए जा रहे हैं। इस अभियान में विभिन्न सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवकों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) का भी सहयोग मिल रहा है।

इससे पहले रविवार को नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गोल मार्केट क्षेत्र में ‘एक पेड़ मां के नाम ऑन संडे’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। यह अभियान लगातार 32वें सप्ताह में पहुंच चुका है।

इस दौरान कुलजीत सिंह चहल ने स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम ऑन संडे’ अभियान के माध्यम से लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है और नागरिक बड़ी संख्या में इसमें भाग ले रहे हैं।

-(इनपुटःएजेंसी)