प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा और शिक्षा समेत प्रमुख क्षेत्रों में भारत-कनाडा संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने निरंतर संवाद बनाए रखने और व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) के लिए चल रही वार्ताओं को जल्द पूरा करने की जरूरत पर जोर दिया।

द्विपक्षीय संबंधों में गति बनाए रखने पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी और अनीता आनंद ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय संवाद में गति बनाए रखने और साझा हित वाले क्षेत्रों में सहयोग को ठोस परिणामों में बदलने के महत्व को रेखांकित किया।

कनाडाई पीएम मार्क कार्नी को दी शुभकामनाएं

पीएम नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दोनों देशों के बीच संवाद और संपर्क को आगे भी जारी रखने की इच्छा जताई। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

भारत-कनाडा साझेदारी को रचनात्मक दिशा देने की प्रतिबद्धता

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अनीता आनंद के साथ भारत-कनाडा संबंधों को व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत करने पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत कनाडा के साथ ऐसी रचनात्मक और भविष्य की ओर देखने वाली रणनीतिक साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे दोनों देशों के लोगों को ठोस लाभ मिले।

https://x.com/narendramodi/status/2110355251840831509?s=20

अंतरराष्ट्रीय कानून को मजबूत करने की जरूरत पर जोर

इस बीच, बुधवार को ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी 2026 के सत्र ‘Is This the Middle Power Moment?’ में बोलते हुए अनीता आनंद ने अंतरराष्ट्रीय कानून को लागू कराने से जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय न्यायिक संस्थानों के लिए समर्थन मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। (इनपुट: पीआईबी)