प्रतिक्रिया | Friday, March 28, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

सुनीता विलियम्स की सुरक्षित धरती वापसी पर उनके पैतृक गांव झूलासन में मनाया गया जश्न

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के गुजरात के मेहसाणा जिले में उनके पैतृक गांव झूलासन में लोगों ने बुधवार को आरती उतारकर और प्रार्थना करके उनके पृथ्वी पर सुरक्षित लौटने का जश्न मनाया। यह उत्सव ड्रैगन अंतरिक्ष यान के सफलतापूर्वक उतरने के बाद शुरू हुआ, जिससे सुनीता विलियम्स, क्रू-9 के सदस्य बुच विल्मोर, निक हेग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव के साथ पृथ्वी पर वापस आ गए।

इससे पहले, नासा अंतरिक्ष यात्री के चचेरे भाई दिनेश रावल ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना करने हेतु मंगलवार को अहमदाबाद में एक ‘यज्ञ’ का आयोजन किया था। अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के पैतृक गांव में आज बुधवार को सीपी गज्जर हाई स्कूल के छात्रों ने पृथ्वी पर उनकी सुरक्षित वापसी का जश्न मनाने के लिए गरबा प्रदर्शन भी किया गया।

अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर, साथ ही नासा के निक हैग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव, नौ महीने के लंबे मिशन के बाद पृथ्वी पर वापस लौटे हैं। एस्ट्रोनॉट्स को स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान द्वारा सुरक्षित रूप से फ्लोरिडा के तट पर उतारा गया।

धरती पर लौटे अंतरिक्ष यात्रियों को एक सुंदर और अप्रत्याशित अनुभव हुआ। उनका स्वागत डॉल्फिन ने किया। ड्रैगन कैप्सूल के समुद्र में उतरते ही डॉल्फिन कैप्सूल के आसपास तैरते हुए देखे गए। स्पेसएक्स ने अंतरिक्ष यान के उतरने की पुष्टि की तथा नासा के अंतरिक्ष यात्री निक हेग ने बताया कि सुरक्षित वापसी के बाद चालक दल के सदस्य खुश थे।

स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “ड्रैगन के स्पलैशडाउन की पुष्टि हुई – निक, सुनीता, बुच और एलेक्स, धरती पर स्वागत है!”वहीं, नासा की टिप्पणीकार सैंड्रा जोन्स ने लैंडिंग दृश्य का वर्णन करते हुए कहा, “वहां शांत, कांच जैसे महासागर का अद्भुत दृश्य था।”

यह एक लगभग जादुई क्षण था जब डॉल्फिन ने ड्रैगन कैप्सूल के चारों ओर चक्कर लगाया, इससे पहले कि इसे रिकवरी पोत पर रखा जाता। रिकवरी टीम ने कैप्सूल के साइड हैच को सावधानी से खोला, जो सितंबर के बाद से पहली बार खुला था। अंतरिक्ष यात्रियों को कैप्सूल से बाहर निकाला गया और 45 दिनों के पुनर्वास कार्यक्रम के लिए ह्यूस्टन ले जाया गया। क्रू-9 की पृथ्वी पर वापसी में अपनी चुनौतियां थीं।

वहीं, सुनीता विलियम्स के वापस आने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। झुलासन गांव के रहने वाले ग्रामीण भी काफी खुश हैं। सुनीता विलियम्स के इस गांव में उनके स्वागत के लिए तैयारियां की जा रही हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सुनीता गांव में जरूर आएंगी। ग्रामीणों के अनुसार, वह सुनीता का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वह तीन बार गांव आ चुकी हैं, पहली बार साल 2006 और इसके बाद साल 2012 में आई थीं। अन्य ग्रामीणों ने बताया है कि वह सुनीता विलियम्स का भव्य स्वागत करेंगे।

 

 

आगंतुकों: 21421937
आखरी अपडेट: 27th Mar 2025