प्रतिक्रिया | Sunday, September 08, 2024

चंद्रबाबू नायडू ने ली आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ, पवन कल्याण बने उपमुख्यमंत्री, नायडू कैबिनेट में 17 नए चेहरे शामिल

आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने आज (बुधवार) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। विजयवाड़ा में भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और कई एनडीए गठबंधन के नेता उपस्थित रहे। प्रदेश की नई एनडीए सरकार में नायडू के साथ राज्य कैबिनेट के 25 मंत्रियों ने भी शपथ ली। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नायडू मंच पर पीएम मोदी से गले मिले।

आज सुबह विजयवाड़ा में भव्य शपथ ग्रहण समारोह में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने 74 वर्षीय चंद्रबाबू नायडू को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नायडू ने आंध्र प्रदेश विधानसभा में एनडीए ने एक तरफा जीत दर्ज की है। कल मंगलवार को तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने चंद्रबाबू नायडू को अपने विधायक दल नेता चुना था और उन्होंने चौथी बार आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बता दें की चंद्रबाबू नायडू की कैबिनेट में 17 नए चेहरे शामिल हैं। वहीं, अपने शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले तेलुगु देशम पार्टी के सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को घोषणा की कि अमरावती राज्य की एकमात्र राजधानी होगी।

इससे पहले मीडिया से बातचीत में एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा, “आज चंद्रबाबू नायडू का शपथ ग्रहण समारोह है। वे एक गतिशील व दूरदर्शी नेता हैं जिन्होंने आंध्र प्रदेश को एक नया दौर में तब्दील किया और यह सुनिश्चित किया कि आंध्र प्रदेश में विकास का एक नया दौर स्थापित हो। पवन कल्याण जी ने भी लोगों के जे़हन में एक राजनेता के विषय में सोचने का एक अलग नज़रिया स्थापित किया है। मैं आशा करता हगूं कि वे दोनों एक साथ आंध्र प्रदेश के विकास के लिए कार्य करेंगे। मैं शुभकामनाएं देता हूं।” (ANI)

 

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7717455
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024