प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सनदी लेखाकार (चार्टर्ड अकाउंटेंट) दिवस के अवसर पर सनदी लेखाकार समुदाय को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट लंबे समय से भारत की आर्थिक यात्रा के विश्वसनीय भागीदार रहे हैं और उनकी विशेषज्ञता देश के आर्थिक विकास तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
वित्तीय प्रणाली को मजबूत बनाने में अहम भूमिका
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पारदर्शिता और पेशेवर उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के माध्यम से सनदी लेखाकार देश की वित्तीय प्रणालियों को मजबूत करते हैं। साथ ही वे व्यवसायों को सहयोग प्रदान करते हैं, उद्यमिता को बढ़ावा देते हैं और निवेशकों में विश्वास कायम करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए सनदी लेखाकारों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उनके प्रयास ऐसे वातावरण के निर्माण में सहायक हैं, जहां उद्योग-व्यवसाय फल-फूल सकें और सभी के लिए नए अवसर सृजित हों।
एक्स पर दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सनदी लेखाकार समुदाय के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी विशेषज्ञता, पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता और पेशेवर उत्कृष्टता देश की आर्थिक प्रगति को नई मजबूती प्रदान कर रही है। (इनपुट: पीआईबी)


