स्वच्छ आदत से स्वच्छ भारत: रोज़मर्रा के प्रयासों से बदलता देश

स्वच्छता और साफ-सफाई सार्वजनिक स्वास्थ्य, गरिमा और जीवन की गुणवत्ता की आधारशिला हैं। मोहल्लों में कचरे के प्रबंधन से लेकर सार्वजनिक स्थानों के उपयोग तक, ये आदतें तय करती हैं कि समुदाय किस तरह विकसित होते हैं। बीते वर्षों में स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसने व्यवस्थाओं को मजबूत किया, शौचालयों की पहुंच बढ़ाई और कचरा प्रबंधन में जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया। इस सामूहिक प्रयास ने स्वच्छता को व्यक्तिगत मुद्दे से आगे बढ़ाकर साझा नागरिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित किया।

हालाँकि ढांचा परिवर्तन की शुरुआत करता है, लेकिन उसे टिकाऊ बनाने का काम रोज़मर्रा की आदतें करती हैं। एकल-उपयोग प्लास्टिक से इनकार करना, कूड़ा न फैलाना, गीले कचरे के लिए हरा और सूखे कचरे के लिए नीला डिब्बा इस्तेमाल करना, हाथों की स्वच्छता बनाए रखना, शौचालयों का सही उपयोग करना, पुनः उपयोग व पुनर्चक्रण जैसी आदतें जब रोज़ दोहराई जाती हैं, तो स्वच्छ वातावरण का निर्माण होता है।

 रोज़मर्रा की पहल, स्थायी बदलाव

नीतियों और योजनाओं से आगे बढ़कर स्वच्छता का वास्तविक असर स्थानीय स्तर पर दिखता है। देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जहाँ नागरिकों ने नियमित प्रयासों से अपने आसपास का माहौल बदला है।

 कचरे से बनी सार्वजनिक कला

दिल्ली के एमसीडी साउथ ज़ोनल कार्यालय में बेकार पड़े पाइप और पुराने डस्टबिन के पहियों से एक आकर्षक कला स्थापना तैयार की गई। गणतंत्र दिवस 2026 पर इसका अनावरण किया गया। यह पहल दिखाती है कि कचरे को भी रचनात्मक तरीके से सार्वजनिक उपयोग में लाया जा सकता है।

 उत्तर प्रदेश में स्वच्छता की झलक

उत्तर प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन की झांकी में घर-घर कचरा संग्रह, स्रोत पर पृथक्करण, स्वच्छ सारथी क्लब, प्लास्टिक-मुक्त अभियान, 1533 हेल्पलाइन और स्वच्छ सार्वजनिक शौचालयों जैसी व्यवस्थाओं को प्रदर्शित किया गया। इससे साफ हुआ कि नियमित आदतें ही स्वच्छ सार्वजनिक स्थानों का आधार हैं।

 बेंगलुरु और चेन्नई में कचरा प्रबंधन पहल

बेंगलुरु में फेंके गए सोफों के बढ़ते कचरे की समस्या को देखते हुए कुछ पेशेवरों ने मिलकर इसका समाधान ढूंढा और सामुदायिक स्तर पर प्रबंधन की शुरुआत की। वहीं चेन्नई में लैंडफिल कचरे के पुनर्चक्रण से जुड़ी टीमों ने दिखाया कि व्यवस्थित प्रक्रियाओं से डंपिंग ग्राउंड पर दबाव कम किया जा सकता है।

 आजमगढ़ में तमसा नदी का पुनर्जीवन

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में स्थानीय लोगों ने मिलकर तमसा नदी को पुनर्जीवित किया। नदी की सफाई, कचरा हटाने और किनारों पर छायादार व फलदार पेड़ लगाने जैसे प्रयासों से नदी का प्राकृतिक प्रवाह फिर से बहाल हुआ। यह उदाहरण बताता है कि सामूहिक जिम्मेदारी से पर्यावरण संरक्षण संभव है।

 जम्मू-कश्मीर में स्वच्छता पर जनसंवाद

जम्मू-कश्मीर के बाहु प्लाज़ा में “गणतंत्र की आवाज़ – स्वच्छता के साथ” कार्यक्रम के तहत कविता, संगीत और संवाद के माध्यम से नागरिकों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी व्यक्त की। यह कार्यक्रम दिखाता है कि सांस्कृतिक माध्यमों से भी स्वच्छता का संदेश गहराई से फैलाया जा सकता है।

 पूर्वोत्तर में युवाओं की पहल

अरुणाचल प्रदेश में युवाओं ने इटानगर से शुरू होकर कई शहरों में नियमित सफाई अभियान चलाए और अब तक 11 लाख किलोग्राम से अधिक कचरा हटाया। असम के नागांव में भी नागरिकों ने मिलकर अपनी गलियों को साफ किया और बड़ी मात्रा में जमा कचरे को हटाया।

  जब आदत बनती है बदलाव की ताकत

इन सभी उदाहरणों से एक स्पष्ट संदेश मिलता है,स्थायी बदलाव रोज़मर्रा के व्यवहार से आता है। जब नागरिक अपने आसपास की जिम्मेदारी को आदत बना लेते हैं, तो स्वच्छता अभियान किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बन जाता है।

“स्वच्छ आदत से स्वच्छ भारत” का मूल संदेश यही है कि स्वच्छता एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि रोज़ की जिम्मेदारी है। जब यह जिम्मेदारी हर व्यक्ति के व्यवहार में शामिल हो जाती है, तभी एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत का निर्माण संभव होता है।

-(PIB)