उत्तर प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेवा सुरक्षा और सुशासन की सरकार के आठ साल पूरे होने जा रहे हैं, इसमें प्रदेश की जनता का व्यापक समर्थन भी मिला है। इसके लिए उन्हें मैं बधाई देता हूं।
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, कृषि, निवेश, रोजगार, नौकरी, स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में आठ साल हुए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर एक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। सूचना विभाग की ओर से तैयार की गयी पुस्तिका में सरकार की उपलब्धियों को दर्शाया गया है।
आठ वर्ष पहले की स्थिति किसी से छिपी नहीं
सीएम योगी ने बताया कि 25, 26 और 27 मार्च को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर सरकार के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को उत्सव के माध्यम से जनता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आठ वर्ष पहले की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। पहले पहचान का संकट था, किसान आत्महत्या करता था, युवा बेरोजगार था, बेटी असुरक्षित थी, दंगों से लोग परेशान थे। इन सभी बातों को प्रदेश ने देखा है और झेला है। सरकार बदलने से इन आठ वर्षों में जो बदलाव हुआ, उसे सब महसूस कर रहे हैं। यूपी आज विकास का इंजन बनकर उभरा है।
उत्तर प्रदेश में समग्र विकास पर जोर
इस दौरान उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में समग्र विकास पर हमारा जोर है। हर क्षेत्र में हमारी सरकार ने काम किया है। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिन पूरे राज्य में सरकारी योजनाओं पर प्रचार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कल से हर जनपद में तीन दिवसीय कार्यक्रम भी होंगे।
यूपी अब कृषि प्रधान राज्य, 20% अधिक खाद्यान्न उत्पादन
मुख्यमंत्री ने कहा, एक समय में यूपी में किसान आत्महत्या करता था। यूपी अब कृषि प्रधान राज्य है। हम खाद्यान्न के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर हैं। यूपी में अब 20% अधिक खाद्यान्न उत्पादन है।
यूपी की अर्थव्यवस्था अब नई ऊंचाई पर
उन्होंने यह भी बताया कि पीएम किसान निधि के तहत यूपी में 2.61 लाख किसानों को धनराशी मिली है। कृषि से जुड़ी कई लंबित योजनाओं को हमने पूरा किया। इसके अलावा यूपी में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की गई। अब यूपी में अराजकता नहीं है। यूपी की अर्थव्यवस्था अब नई ऊंचाई पर है। उन्होंने कहा 8 वर्षों में सिर्फ जनता के लिए काम किया।
प्रदेशभर में लगाई यूपी सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली होर्डिंग
बताना चाहेंगे, प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में लखनऊ सहित प्रदेश के दूसरे जनपदों में सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली होर्डिंग लगायी जा चुकी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर लगायी गयी होर्डिंग में जनता को सम्बोधित सरकार की उपलब्धियों को बताया गया है।
सरकार के अहम फैसलों की दी जानकारी
साथ ही प्रदेश सरकार में चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी है। जनता के हित में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में लिए गए अहम फैसलों की जानकारी दी गयी है। प्रदर्शित होर्डिंगों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें लगाई गई है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने पदाधिकारियों के माध्यम से 25 मार्च से 14 अप्रैल तक सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने का निर्णय किया है। अभियान में सुशासन, सुरक्षा, सेवा और लाभकारी योजनाओं जैसे विषयों पर जनता का ध्यान केन्द्रित कराया जाएगा।