उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य क्षेत्र में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि भाजपा सरकार प्रदेश को स्वस्थ, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह बात कही।
वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया से वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और अंत्योदय के संकल्प के साथ डबल इंजन की भाजपा सरकार ने 2017 से पहले की स्वास्थ्य क्षेत्र की कमजोर व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि जिस उत्तर प्रदेश की पहचान कभी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ से होती थी, वही प्रदेश आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में नए मानक स्थापित कर रहा है।
मेडिकल कॉलेजों और सीटों में जबरदस्त वृद्धि
सीएम योगी ने आंकड़ों के साथ बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या महज 36 थी, जो आज बढ़कर 85 हो गई है। इसी तरह एमबीबीएस की सीटें 4,690 से बढ़कर 13,600 से अधिक पहुंच चुकी हैं। इससे एक ओर युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़े हैं, वहीं आम नागरिकों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण इलाज की सुविधा भी उपलब्ध हो रही है।
10 करोड़ से अधिक लोग स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत 10 करोड़ से अधिक प्रदेशवासी अब गंभीर बीमारियों के इलाज के भारी खर्च की चिंता से मुक्त हो गए हैं। वे बेहतर स्वास्थ्य, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जी रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचार की विवशता से स्वास्थ्य सुरक्षा के विश्वास तक पहुंचने का यही सफर स्वस्थ उत्तर प्रदेश की नई पहचान है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर सुधार की दिशा में यूपी
सीएम योगी के इन बयानों से साफ है कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करने और आम लोगों तक किफायती इलाज पहुंचाने पर विशेष ध्यान दे रही है। यह बदलाव प्रदेश को स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है। (इनपुट-एजेंसी)


