उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार को लखनऊ में ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2024-25 का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल न केवल मनोरंजन का जरिया है, बल्कि एक स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर दिया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से कुल 75 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “खेल भारतीय संस्कृति का हिस्सा रहे हैं और एक स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए खेलों को बढ़ावा देना जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है।” योगी आदित्यनाथ ने यह भी बताया कि पिछले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक खास भर्ती प्रक्रिया के जरिए 500 से ज्यादा ऐसे खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा, “इस पहल से राज्य के युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा हुआ है।”
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 91 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।