आंधी-बारिश से हुए नुकसान का सीएम योगी ने लिया संज्ञान, तत्काल राहत के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। बीते लगभग 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में जनहानि, पशुहानि समेत मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं।

पीड़ितों को जल्द मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की मदद करने और मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सभी जिलों को हर तीन घंटे में स्थिति की अपडेट रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया है। बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई और उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान की जानकारी मिली है। खराब मौसम के कारण कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

तत्काल सर्वे और राहत कार्य के निर्देश

सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्वे पूरा कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा दिया जा सके।

हर तीन घंटे में मांगी गई रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम को राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए कहा है। साथ ही निर्देश दिया है कि मुआवजा वितरण, बचाव अभियान और अन्य राहत कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की जाए। सभी जिलों को हर तीन घंटे में स्थिति का अपडेट शासन को भेजने के लिए कहा गया है।

कई जिलों में तेज आंधी-तूफान से भारी नुकसान

उत्तर प्रदेश में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया। कई जगह बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जबकि कच्चे मकान ढह गए। दीवार गिरने की भी कई घटनाएं सामने आई हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की मौत की खबर है। (इनपुट: आईएएनएस)