सीएम योगी का निर्देश- बिना भेदभाव हर जरूरतमंद को मिले न्याय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की प्रतिबद्धता है।

अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो और जमीन कब्जाने वाले भू-माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी

जनता दर्शन में एक महिला ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बेटी की शादी के लिए सहायता मांगी। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे प्रति जोड़ा एक लाख रुपए सहायता वाली मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी। महिला ने अपनी बेटी को भी योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार तुरंत आर्थिक सहायता जारी कर सके।

कानून व्यवस्था और राजस्व मामलों पर भी सख्ती

राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (इनपुट-आईएएनएस)