श्रमिक अधिकारों पर सीएम योगी का सख्त संदेश, ‘काम का पूरा दाम देना होगा’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि “काम के बदले दाम देना ही होगा, अन्यथा सरकार ऐसे लोगों का इलाज करेगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिक हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

श्रमिकों के सम्मान और योजनाओं का लोकार्पण

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विभिन्न जिलों से आए श्रमिकों को प्रमाणपत्र और टूलकिट प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रदेश के 75 जिलों से चयनित 75 श्रमिकों में से पांच को मंच पर विशेष रूप से टूलकिट देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए तथा प्रयागराज और झांसी के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश बना ‘उद्यम प्रदेश’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज ‘उद्यम प्रदेश’ के रूप में देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने बताया कि 1947 से 2017 के बीच प्रदेश में लगभग 14 हजार उद्योग स्थापित हुए थे, जबकि 2017 के बाद से अब तक 18 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित किए गए हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला है।

कोरोना काल और सरकार की भूमिका का उल्लेख

सीएम योगी ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में जब कई लोग निष्क्रिय थे, तब राज्य सरकार ने आगे बढ़कर प्रवासी श्रमिकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। हजारों बसों के माध्यम से श्रमिकों को घर लाया गया और उनके लिए भोजन व आवास की नि:शुल्क व्यवस्था की गई। साथ ही राशन कार्ड बनवाकर मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया, जो आज भी जारी है।

श्रमिक कल्याण और सामाजिक सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं और मुफ्त राशन की सुविधा भी बड़ी संख्या में लोगों को मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीबों के अधिकारों में सेंध लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास पर सरकार की पहल

सीएम योगी ने बताया कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। इसके साथ ही जेवर (नोएडा) में एक नए कंपोजिट विद्यालय की आधारशिला रखी जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को मुफ्त इलाज मिल रहा है और शेष पात्र श्रमिकों के लिए भी आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।

मृत श्रमिकों के परिजनों को बीमा सुरक्षा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुर्घटना में मृत श्रमिकों के परिजनों को पांच लाख रुपए तक का बीमा कवर देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पिछले वर्षों में करोड़ों लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं और बड़ी संख्या में शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता और जीवन स्तर में सुधार लाया गया है। (इनपुट-आईएएनएस)