प्रतिक्रिया | Monday, March 10, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

महाराष्ट्र में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी, मतों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे से

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के चुनाव और नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतगणना की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मतों की गिनती शनिवार को सुबह 8 बजे से शुरू होगी।  

20 नवंबर को हुआ था मतदान 

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक सूबे के 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 288 मतगणना केंद्र और नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र के लिए 01 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए 288 मतगणना निरीक्षक और नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र के लिए दो मतगणना निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान हुआ था। मतदान 65 प्रतिशत से अधिक दर्ज किया गया।

सभी मतदान केंद्रों पर मतों की गिनती सुबह 8 बजे होगी शुरू 

सभी मतदान केंद्रों पर मतों की गिनती 23 नवंबर को सुबह 8 बजे शुरू होगी। डाक मतपत्रों की गिनती सुबह 08 बजे शुरू होगी। इसके बाद सुबह 8.30 बजे से ईवीएम के मतों की गिनती शुरू होगी। डाक मतपत्रों की संख्या अधिक होने से 288 मतदान केंद्रों पर उनकी गिनती के लिए 1732 टेबल और ईटीपीबीएमएस स्कैनिंग (प्री-काउंटिंग) के लिए 592 टेबल लगाए गए हैं।

स्ट्रांग रूम को पर्यवेक्षकों और उपस्थित उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों के सामने खोला जाएगा 

सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को मतगणना केंद्रों के बारे में लिखित सूचना दे दी गयी है। सील किए गए स्ट्रांग रूम को पर्यवेक्षकों और उपस्थित उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों के सामने खोला जाएगा और ईवीएम को मतगणना केंद्र पर ले जाया जाएगा। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। इस बार 4,66,823 डाक मतपत्र चुनाव कर्मचारियों को वितरित किए गए थे। 

महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच

महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच है। महायुति में भाजपा, शिवसेना और एनसीपी हैं, जबकि महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार) और शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं। राज्य में इस समय महायुति की सरकार है, जिसका नेतृत्व शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। उनकी सरकार में देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार उपमुख्यमंत्री हैं। (इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)

आगंतुकों: 19783089
आखरी अपडेट: 10th Mar 2025