सीएसआईआर-एएमपीआरआई ने उद्योग को सौंपी स्वदेशी एसओडीएआर तकनीक

भोपाल स्थित सीएसआईआर-एएमपीआरआई ने 12 मई 2026 को अपना 46वां स्थापना दिवस मनाया। स्थापना दिवस समारोह 12 से 14 मई तक आयोजित किए गए। इस अवसर पर संस्थान ने स्वदेशी एसओडीएआर (साउंड डिटेक्शन एंड रेंजिंग) प्रणाली की तकनीक नोएडा स्थित मेटियोएक्सपर्ट्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को हस्तांतरित की।

यह कार्यक्रम वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) की सचिव एन. कलाइसेल्वी की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस दौरान मेटियोएक्सपर्ट्स सॉल्यूशंस के निदेशक सिद्धार्थ गुप्ता भी मौजूद रहे।

जलवायु और पर्यावरण अध्ययन में एसओडीएआर की अहम भूमिका

कार्यक्रम की शुरुआत थल्लादा भास्कर के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अपने संबोधन में एसओडीएआर प्रणाली समेत संस्थान की विभिन्न प्रौद्योगिकियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मौसम, जलवायु परिवर्तन, पूर्वानुमान और आपदा जोखिम न्यूनीकरण जैसे क्षेत्रों में एसओडीएआर प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह तकनीक वायुमंडलीय निगरानी और पर्यावरणीय अध्ययन में उपयोगी साबित हो रही है।

‘आत्मनिर्भर भारत’ को मजबूती देगा तकनीक हस्तांतरण

एन. कलाइसेल्वी ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी आधारित विकास भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी एसओडीएआर तकनीक का उद्योग को हस्तांतरण “आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्वदेशी वायुमंडलीय निगरानी प्रौद्योगिकियों को मजबूती मिलेगी और पर्यावरण निगरानी तथा वायु गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़े उद्योग-उन्मुख नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा।

वैज्ञानिक कीर्ति सोनी को मिली बधाई

एन. कलाइसेल्वी ने एसओडीएआर परियोजना की प्रधान अन्वेषक और कीर्ति सोनी को स्वदेशी एसओडीएआर प्रणाली विकसित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुसंधान परिणामों को सामाजिक और औद्योगिक उपयोग की तकनीकों में बदलना बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम का समापन मोहम्मद अकरम खान के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। (इनपुट: पीआईबी)