चक्रवात ‘अर्नब’ आंध्र तट से टकराने को तैयार, IMD ने ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी की चेतावनी की जारी 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को चेतावनी जारी करते हुए बताया कि चक्रवात ‘अर्नब’ ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान’ (Very Severe Cyclonic Storm) के रूप में आंध्र प्रदेश के तट से टकराने वाला है। इसका लैंडफॉल बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के करीब होने का अनुमान है।

हवा की रफ्तार 135 किमी प्रति घंटे तक

IMD के अनुसार, तट से टकराते समय हवा की अधिकतम गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि फिलहाल चक्रवात गोपालपुर से लगभग 380 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। यह 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, जिसके बाद इसकी दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ जाएगी।

बापटला से विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास लैंडफॉल की संभावना

मोहंती ने कहा, “इसके ‘बेहद गंभीर’ चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर, बापटला और विशाखापत्तनम के बीच से गुजरने का अनुमान है। तट से टकराते समय भी इसकी तीव्रता बनी रहने की संभावना है।” 

ओडिशा में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी

ओडिशा के लिए भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। मंगलवार को राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है, जिसमें कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बुधवार को भी व्यापक बारिश के साथ कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा, तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मछुआरों और बंदरगाहों के लिए अलर्ट

IMD के चक्रवात चेतावनी केंद्र के निदेशक पी.एल.एन. मूर्ति ने बताया कि पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गंभीर चक्रवाती तूफान मंगलवार तड़के 2:30 बजे ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान’ में बदल गया था। मूर्ति ने मछुआरों को सख्त सलाह दी कि वे 30 अक्टूबर की सुबह तक समुद्र में मछली पकड़ने न जाएं।

बंदरगाहों के लिए जारी सिग्नल इस प्रकार हैं: 

– काकीनाडा: ग्रेट डेंजर (GD-10) 
– विशाखापत्तनम और गंगवरम: GD-9 
– मछलीपट्टनम और निजामपट्टनम: GD-8 
– कलिंगपट्टनम, कृष्णपट्टनम और वदरेवु: लोकल कॉशनरी (LC-3)

मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने और अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। (इनपुट-एजेंसी)