प्रतिक्रिया | Thursday, February 13, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 : रुझानों में भाजपा आगे, ‘आप’ पीछे, एक पर कांग्रेस को बढ़त

दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा सबसे आगे चल रही है। 70 में से 43 सीटें भारतीय जनता पार्टी को मिलती दिखाई दे रही हैं, जबकि 26 सीटों पर आम आदमी पार्टी आगे है, वहीं एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहा है। 

दिल्ली में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं

रुझानों में नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, कालकाजी सीट से आतिशी और जंगपुरा से मनीष सिसोदिया पीछे चल रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। दिल्ली में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं और सभी पर वोटों की गिनती जारी है। आज 699 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होगा। इससे पहले 7 फरवरी को चुनाव आयोग ने दिल्ली में पड़े कुल मतदान का आंकड़ा पेश किया था। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों पर कुल 60.54 फीसदी मतदान हुआ था।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान 60.54 प्रतिशत रहा

भारतीय चुनाव आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान 60.54 प्रतिशत रहा, जिसमें उत्तर पूर्वी जिले में सबसे अधिक 66.25 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान दक्षिण पूर्वी दिल्ली जिले में 56.40 प्रतिशत दर्ज किया गया।

अधिकतर एग्जिट पोल में 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी का अनुमान लगाया गया है। पार्टी आसानी से 36 सीटों के बहुमत के आंकड़े को छू सकती है और उससे 10-15 सीटें अधिक जीत सकती है। इस तरह वह अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आप को सत्ता से बाहर कर सकती है। हालांकि, कांग्रेस को अधिकतम 0-3 सीटें मिलने का अनुमान है।

कांग्रेस पिछले दो विधानसभा चुनावों में अपना खाता खोलने में विफल रही

दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनावों में दबदबा बनाने वाली आप ने 2020 के चुनाव में 70 में से 62 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने आठ सीटें जीतीं। दिल्ली में 15 साल तक राज करने वाली कांग्रेस पिछले दो विधानसभा चुनावों में अपना खाता खोलने में विफल रही और इस बार भी उसका प्रदर्शन ऐसा ही रहने का अनुमान है।(इनपुट-आईएएनएस)

आगंतुकों: 17542009
आखरी अपडेट: 13th Feb 2025