दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। सीएम रेखा गुप्ता के साथ गंभीर रूप से हाथापाई हुई। यह हमला मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइंस राज निवास मार्ग स्थित जन सेवा केंद्र में हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मुख्यमंत्री अपने कैंप ऑफिस पर कर रही थीं जन सुनवाई
बताना चाहेंगे मुख्यमंत्री अपने कैंप ऑफिस पर आज बुधवार सुबह जन सुनवाई कर रही थीं। इसी बीच आरोपित मुख्यमंत्री को जन सुनवाई के दौरान शिकायत देने के बहाने उनके पास पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है
हालांकि अभी तक हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। यह मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है। वहीं भाजपा नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।


