दिल्ली के जनकपुरी में शिक्षा को नई दिशा देने की पहल हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत आज गुरुवार को सर्वोदय कन्या विद्यालय क्रमांक-1, सी-3 ब्लॉक में ‘निपुण शाला’ का शुभारंभ किया गया। इस शाला की शुरुआत रोटरी क्लब के सहयोग से हुई और इसका उद्घाटन दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अपनी पत्नी के साथ किया। इस मौके पर रोटरी इंटरनेशनल की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. अमृता मोहिंदर भी मौजूद रहीं।
इस कार्यक्रम में मंत्री सूद ने कहा कि नवनिर्मित निपुण शाला का उद्देश्य बच्चों की आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) के परिणामों को नवीन तरीकों से बेहतर बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन चाहते हैं और दिल्ली इसमें अग्रणी भूमिका निभा रही है। सूद ने यह भी बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि अगले तीन सालों में दिल्ली के हर स्कूल को निपुण सर्टिफाइड बनाया जाए और इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया। एक विशेष प्रस्तुति में छात्रों ने रचनात्मक तरीके से यह दिखाया कि गणित को कैसे सरल और आकर्षक तरीके से समझा जा सकता है। इस मौके पर मंत्री सूद ने विभिन्न आरडब्ल्यूए और रोटरी क्लब पदाधिकारियों के साथ मिलकर शिक्षा प्रणाली को और बेहतर बनाने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग बढ़ाने, जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के विकास और सभी निवासियों के लाभ के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे और सुगम्यता पर भी चर्चा की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब का यह प्रयास छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास में मददगार साबित होगा। -(IANS)


