प्रतिक्रिया | Wednesday, February 12, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

दिल्ली चुनाव : ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ संवाद से कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे पीएम मोदी

दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल का इंतजार खत्म करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने के लिए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का नारा दिया है। इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ को मजबूत बनाने का संदेश दिया जा रहा है।

कल यानी बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर करीब 1 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। वह कार्यकर्ताओं को अपने बूथ पर मजबूती से काम करने और जनता तक पार्टी की योजनाओं और घोषणाओं को पहुंचाने का संदेश देंगे। भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दिल्ली के लोगों के लिए संदेश जारी किया है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी से सवाल पूछने, सुझाव देने और अपने विचार साझा करने का आमंत्रण दिया गया है। कार्यकर्ताओं को ‘नमो ऐप’ के माध्यम से संवाद में जुड़ने के लिए कहा गया है।

भाजपा के करीब 1.25 लाख कार्यकर्ता अपने-अपने इलाके में सक्रिय हैं। वे मतदाताओं तक पार्टी के संकल्प पत्र की घोषणाओं और जनता के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी पहुंचाएंगे। भाजपा ने 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र के दो भाग जारी किए हैं।

मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संकल्प पत्र का दूसरा भाग जारी किया, जिसमें युवाओं और ऑटो चालकों के लिए योजनाओं का ऐलान किया गया। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महिलाओं को ध्यान में रखते हुए हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया था। भाजपा का यह अभियान कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने और दिल्ली चुनाव में जीत हासिल करने के लिए एक अहम रणनीति का हिस्सा है।

आगंतुकों: 17462794
आखरी अपडेट: 12th Feb 2025