एनसीआर में पूरे हफ्ते रिमझिम बारिश की संभावना, तापमान 32-34 डिग्री के बीच रहेगा स्थिर

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मानसून की सक्रियता बरकरार है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच स्थिर रहेगा।

18 अगस्त: बादल और बूंदाबांदी का दौर

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज सोमवार, 18 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो दौर की हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। 

19-20 अगस्त: गरज-चमक के साथ बारिश

वहीं 19 अगस्त को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके साथ हीआर्द्रता का स्तर 65 से 90 प्रतिशत के बीच रहेगा। 20 अगस्त को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश के साथ तापमान 24 से 33 डिग्री के बीच रहेगा। 

21-23 अगस्त: रुक-रुक कर बारिश

21 अगस्त को बादल, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिसमें तापमान 25 से 34 डिग्री और आर्द्रता 70-95% तक रहेगी। 22 और 23 अगस्त को भी एनसीआर में रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी से लेकर तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन दोनों दिनों में बारिश की स्थिति बनी रहेगी। कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। 

किसानों के लिए राहत, उमस से परेशानी

यह बारिश किसानों और स्थानीय निवासियों के लिए राहत लेकर आएगी, क्योंकि नमी से वातावरण ठंडा रहेगा। हालांकि, उच्च आर्द्रता के कारण उमस परेशानी बढ़ा सकती है। 

सड़कों पर सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन सुबह और शाम के समय सड़कों पर फिसलन और जलभराव की समस्या हो सकती है। लोगों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। (इनपुट-एजेंसी)