दीपावली, छठ और अन्य आगामी त्योहारों के दौरान राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस ने शहर भर में पैदल गश्त बढ़ाई है ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे। त्योहारी सीजन में बाजारों, मॉल्स और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य जनता में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस अपनी प्रत्यक्ष मौजूदगी और जनता से संवाद के जरिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ा रही है।
दिल्ली पुलिस जनसंपर्क कार्यालय के मुताबिक, पुलिस ने पैदल गश्त के साथ-साथ कई अन्य सुरक्षा उपाय भी लागू किए हैं। इनमें भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पीए सिस्टम (Public Announcement System) के जरिए चेतावनी और जागरूकता संदेश देना, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाना, बसों की जांच, वाहनों की चेकिंग और पिकेट पॉइंट्स पर निगरानी को और सख्त करना शामिल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की सक्रियता अपराधियों पर नियंत्रण रखने और त्योहारों के समय भीड़भाड़ में अपराध की घटनाओं को रोकने में मदद करेगी। संबंधित जिलों के वरिष्ठ अधिकारी खुद गश्त में शामिल हो रहे हैं और अपनी टीमों का नेतृत्व कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि लोग सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि त्योहारों के मौसम के आगमन के साथ पूरे शहर में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा के नेतृत्व में सभी जिलों के अधिकारी व्यापक गश्त पर निकले हैं। इस दौरान वाहनों की जांच, पिकेट निरीक्षण और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, ताकि दिल्लीवासियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण त्योहार मनाने का माहौल मिल सके।-(IANS)


