ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘मनी अल्फा 360° समिट’ में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने भारत को दुनिया की सबसे मजबूत डिजिटल सार्वजनिक संरचना के रूप में स्थापित कर दिया है। उन्होंने बताया कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए वैश्विक स्तर पर करीब 49% रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन हो रहा है।
नकद से डिजिटल तक भारत की बड़ी छलांग
नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि भारत ने नकद आधारित अर्थव्यवस्था से डिजिटल वित्तीय शक्ति बनने तक अभूतपूर्व यात्रा तय की है। पहले जहां वित्तीय लेन-देन कागजी प्रक्रियाओं और लंबी कतारों पर निर्भर था, वहीं आज यह तेज, पारदर्शी और समावेशी बन चुका है।
डिजिटल इंडिया विजन का असर
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन का ही परिणाम है कि भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम के रूप में उभरा है। डिजिटल भुगतान अब देश की अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
छोटे दुकानदार से बड़े निवेशक तक लाभ
मंत्री ने कहा कि डिजिटल भुगतान केवल सुविधा नहीं, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन गया है। आज छोटे दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वाले और चाय विक्रेता भी QR कोड के जरिए भुगतान स्वीकार कर रहे हैं, जबकि बड़े निवेशक वैश्विक स्तर पर आसानी से लेन-देन कर पा रहे हैं।
नई तकनीकों से बढ़ेगी पारदर्शिता
नन्दी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ब्लॉकचेन और फिनटेक जैसी आधुनिक तकनीकों के जरिए भारत एक अधिक पारदर्शी और समावेशी वित्तीय प्रणाली की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
यूपी का ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। ऐसे समिट नवाचार और निवेश को जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
समिट को बताया समय की जरूरत
नन्द गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मनी अल्फा 360° समिट’ जैसे प्लेटफॉर्म अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुके हैं, जो डिजिटल अर्थव्यवस्था के भविष्य को दिशा देने का काम कर रहे हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


