उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा की गईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां प्रमुख रहीं।
अमित शाह से मुलाकात की तस्वीरें साझा
गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फूलों का गुलदस्ता भेंट करते नजर आए। बैठक में संगठन और सरकार के समन्वय के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से भी की भेंट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें पटुका और फूलों का गुलदस्ता भेंट किया।
सीएम योगी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि नई दिल्ली में उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने मुलाकात के लिए समय देने पर नितिन नबीन का आभार भी जताया।
मिशन 2027 से जोड़कर देखी जा रही मुलाकात
राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री योगी की इन मुलाकातों को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि संगठन और सरकार के स्तर पर चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन किया गया।
हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के भी निकाले जा रहे मायने
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 10 मई को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान छह नए चेहरों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस बार विभागों का बंटवारा केवल प्रशासनिक आधार पर नहीं, बल्कि मिशन 2027 को ध्यान में रखते हुए किया गया। राजनीतिक विश्लेषक इसके कई बड़े राजनीतिक मायने निकाल रहे हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


