महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष लगातार मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तीखी हो गई है।
ममता के बयान पर कंगना रनौत की कड़ी प्रतिक्रिया
ममता बनर्जी के बयान पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में इस तरह की बयानबाजी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
‘शोक के समय संयम जरूरी’
कंगना रनौत ने कहा, “हम सभी लोग शोक में हैं क्योंकि इतना बड़ा हादसा सुबह-सुबह हो गया। संसद में हर कोई इस घटना के बारे में बात कर रहा है, क्योंकि हममें से कई लोग चार्टर्ड विमान और हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हैं। यह घटना किसी के लिए भी डरावनी हो सकती है। ऐसे समय पर इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए। थोड़ा तो संयम बनाए रखना चाहिए।”
कंगना ने अजित पवार के निधन पर जताया दुख
इससे पहले कंगना रनौत ने उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा था कि यह घटना बेहद पीड़ादायक और दिल दहला देने वाली है।
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर उठाए सवाल
उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद ममता बनर्जी ने शोक जताने के साथ-साथ केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि अजित पवार के विमान की तकनीकी जांच क्यों नहीं की गई और बारामती जैसी सुरक्षित लैंडिंग जगह पर हादसा कैसे हुआ।
सुप्रीम कोर्ट से जांच की मांग
बंगाल की मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि अजित पवार भाजपा के साथ खुश नहीं थे और जल्द ही अपने चाचा शरद पवार के साथ नई राजनीतिक पारी शुरू करने वाले थे। ऐसे में उनका आकस्मिक निधन कई सवाल खड़े करता है और मामले की गहराई से जांच जरूरी है। इसलिए इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच होनी चाहिए।
अन्य नेताओं ने भी उठाई जांच की मांग
ममता बनर्जी के अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इतने बड़े पद पर बैठे नेता के साथ हुआ हादसा साजिश भी हो सकता है। (इनपुट: आईएएनएस)


