उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के चलते प्राथमिक स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है कि अब सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त प्राथमिक स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेंगे। वहीं स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगी। इस दौरान सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक प्रार्थना सभा और योगाभ्यास होगा। 10:00 से 10:15 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा।
शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य स्टाफ को सुबह 7:30 से दोपहर 1:30 बजे तक स्कूल में रहना होगा और सभी जरूरी काम पूरे करने होंगे। प्राइवेट स्कूलों के समय तय करने का अधिकार उनकी प्रबंध समिति को दिया गया है। यह फैसला राहत आयुक्त कार्यालय और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के आधार पर लिया गया है। सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है और सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।-(IANS)