प्रतिक्रिया | Friday, July 26, 2024

आम चुनाव 2024 को लेकर निर्वाचन आयोग के प्रयासों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिल रही सराहना

अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (आईईवीपी) के भाग के रूप में भारत आए अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने आम चुनाव 2024 में प्रत्यक्ष रूप से मतदान प्रक्रिया को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की है। जहां कुछ प्रतिनिधियों ने पारदर्शिता की सराहना की, वहीं अन्य प्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग की हरित मतदान केंद्र जैसी पहलों को प्रेरणादायक करार दिया। इन प्रतिनिधियों ने चुनावों में ईवीएम-वीवीपैट के रैंडमाइजेशन सहित दूसरी चुनावी प्रक्रियाओं में बड़े पैमाने पर प्रौद्योगिकी के उपयोग की भी सराहना की।

प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि वे विशेष रूप से लोकतांत्रिक आदर्शों को मजबूत करने के प्रति भारतीय मतदाताओं की प्रतिबद्धता और उनके अटूट विश्वास से प्रभावित हुए हैं। कुल मिलाकर, इस दौरे पर आए विभिन्न देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के सदस्यों के बीच इस बात पर सर्वसम्मति थी कि भारत में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, समावेशी तथा सुलभ रही और यहां चुनाव उत्सव के मूड में होता है।

तीसरे चरण में 11 राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों के 93 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ। इन प्रतिनिधियों ने 6 राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों में तैयारी कार्य सहित मतदान का अवलोकन किया। उन्होंने देखा कि कैसे बड़ी संख्या में इंसानों और मशीनरी की इतने बड़े स्तर पर आवाजाही कराई जाती है।

दुनिया भर के 23 देशों ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भूटान, कंबोडिया, चिली, फिजी, जॉर्जिया, कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य, मेडागास्कर, मालदीव, मंगोलिया, मोल्दोवा, नामीबिया, नेपाल, न्यू गिनी, फिलीपींस, रूस, सेशेल्स, श्रीलंका, ट्यूनीशिया, उज्बेकिस्तान, और जिम्बाब्वे के प्रतिनिधि लोक सभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के मतदान का गवाह बनने के लिए 5 मई 2024 को नई दिल्ली पहुंचे। उनका उद्घाटन सत्र में भारत के निर्वाचन आयोग के साथ संवाद हुआ जिसकी अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने की।

इसके बाद इन प्रतिनिधियों को विभिन्न राज्यों जैसे कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, गोवा और मध्य प्रदेश का दौरा करने के लिए 6 छोटे समूहों में विभाजित किया गया। इस उद्देश्य के लिए इन प्रतिनिधियों ने 13 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का दौरा किया। इन राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों ने मतदान तैयारियों, लॉजिस्टिक्स और वेबकास्टिंग व्यवस्था को देखने के साथ-साथ मतदान से पूर्व मतदान अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों के साथ जुड़ने एवं मॉक पोल में शामिल होने, चुनाव के दिन यानि 7 मई 2024 को वास्तविक मतदान देखने और मतदाताओं के साथ बातचीत करने के लिए इन प्रतिनिधियों की यात्रा का आयोजन किया।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5514998
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024