2017 के बाद यूपी में बदला रोजगार और निवेश का माहौल, कौशल विकास पर सरकार का जोर : योगी आदित्यनाथ

विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि किसी प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होता है, जब युवाओं को समान अवसर और कौशल विकास का मजबूत आधार मिले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी विशाल युवा आबादी को ‘डेमोग्राफिक डिविडेंड’ में बदलते हुए कौशल विकास के जरिए अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहा है। इस दौरान उन्होंने 2017 से पहले की प्रदेश सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय रोजगार और निवेश का माहौल चौपट था, जबकि आज उत्तर प्रदेश निवेश, रोजगार और कौशल विकास का केंद्र बन चुका है।

2017 से पहले युवाओं के सामने था शिक्षा और रोजगार का संकट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित था। शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी, कौशल विकास की प्रभावी व्यवस्था नहीं थी और रोजगार के अवसर भी सीमित थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता का अभाव था और भर्ती प्रक्रियाएं विवादों में घिरी रहती थीं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था। योगी ने कहा कि समस्या उत्तर प्रदेश की नहीं, बल्कि उस समय की सरकारों की कार्यशैली और सोच की थी।

बेहतर कानून-व्यवस्था से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने के बाद निवेश का माहौल बना और बड़े निवेशकों का विश्वास बढ़ा। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सक्रिय एमएसएमई क्षेत्र आधार का काम करते हैं। पहले असुरक्षा के कारण निवेश नहीं आता था और छोटे उद्योग भी प्रभावित थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश निवेश और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

युवा शक्ति को कौशल से जोड़कर अर्थव्यवस्था को मिल रही नई गति

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति वाला प्रदेश है। सरकार इस युवा शक्ति को कौशल विकास से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

बनारसी साड़ी और आजमगढ़ की बदली पहचान का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बनारसी साड़ी वैश्विक पहचान बना रही है, जबकि पहले बनारस की पहचान अलग कारणों से होती थी। इसी तरह आजमगढ़ की छवि भी बदली है और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास तथा सुरक्षा का नया वातावरण स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को कौशल, रोजगार और सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराकर उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करना है। (इनपुट: आईएएनएस)