प्रतिक्रिया | Sunday, May 04, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

दक्षिण अफ्रीका में G20 की बैठक में शामिल होंगे विदेश मंत्री एस.जयशंकर, वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर 20-21 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में होने वाली G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने आज बुधवार को यह जानकारी दी। इस बैठक में भारत की नजर G20 देशों के साथ भागीदारी और मजबूत करने पर होगी साथ ही विकासशील देशों की आवाज को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका ने 1 दिसंबर 2024 से 30 नवंबर 2025 तक के लिए G20 की अध्यक्षता संभाली है। G20 में 19 बड़े देश शामिल हैं- अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका। इसके अलावा दो अंतरराष्ट्रीय समूह- यूरोपीय संघ और अफ्रीकी संघ भी इसके सदस्य हैं। G20 दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का समूह है जो वैश्विक GDP का 85%, अंतरराष्ट्रीय व्यापार का 75% और दुनिया की दो-तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करता है।

इसकी अध्यक्षता हर साल बारी-बारी से अलग-अलग सदस्य देश को दी जाती है। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने घोषणा की है कि वे इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की कुछ नीतियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वहां निजी संपत्तियों का जबरन अधिग्रहण हो रहा है। G20 बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, सतत विकास, और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी।

आगंतुकों: 25370404
आखरी अपडेट: 4th May 2025