कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न की शिकायतों को आसान और प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने SHe-Box पोर्टल को मजबूत किया है। यह पोर्टल महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 2024 में शुरू किया गया था।
सरकार के अनुसार, 27 मार्च 2026 तक देशभर में 1.61 लाख से ज्यादा सरकारी और निजी संस्थान इस पोर्टल से जुड़ चुके हैं। इनमें से करीब 68,460 संस्थानों ने अपनी आंतरिक शिकायत समितियों (Internal Committees) की जानकारी भी अपडेट की है। इसके अलावा, 777 जिला स्तर की स्थानीय समितियों (Local Committees) का विवरण भी पोर्टल पर उपलब्ध है।
इस पोर्टल का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न (PoSH Act, 2013) से जुड़े मामलों की शिकायत, निगरानी और समाधान को आसान बनाना है।
सरकार इस पोर्टल के प्रचार और बेहतर उपयोग के लिए कई मंत्रालयों, विभागों और निजी संगठनों के साथ मिलकर काम कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद राज्यों को भी सभी संस्थानों में शिकायत समितियों की जानकारी इकट्ठा कर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इस पोर्टल के इस्तेमाल को आसान बनाने के लिए प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए हैं।
इसके अलावा, SHe-Box पोर्टल को “मिशन शक्ति” मोबाइल ऐप से भी जोड़ा गया है, जिससे अब महिलाएं इसे मोबाइल पर आसानी से इस्तेमाल कर सकती हैं। यह पोर्टल 23 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसकी पहुंच हो सके।
सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से भी अपील की है कि वे जिला और ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करें, ताकि महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने में आसानी हो।


