जीएसटी सुधार के बाद लक्ष्मी नगर पहुंची वित्त मंत्री, कहा- ग्राहकों तक पहुंच रहा है टैक्स कटौती का फायदा

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सोमवार को दिल्ली के लक्ष्मी नगर बाजार पहुंचीं और दुकानदारों व ग्राहकों से बातचीत की। उनका यह दौरा जीएसटी सुधार लागू होने के बाद किया गया, ताकि बाजार में इसके असर को समझा जा सके। वित्त मंत्री ने कहा, “जीएसटी सुधार को लेकर लोगों का रिस्पॉन्स बहुत अच्छा है। आज बाजार बंद है, लेकिन कई दुकानें खुली हुई हैं। मैंने देखा कि दुकानदार ग्राहकों को जीएसटी कटौती का फायदा पहुंचा रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार के इस कदम से जनता और व्यापारी दोनों ही खुश हैं और इससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।

बाजार में बातचीत के दौरान एक महिला ने कहा कि सरकार का यह कदम बहुत अच्छा है और लोग इससे संतुष्ट हैं। वहीं एक व्यापारी ने बताया कि वह पैकेजिंग का काम करते हैं और पैकेजिंग उत्पादों पर जीएसटी दर कम होने से लागत कम होगी। इसका सीधा फायदा उपभोक्ताओं को कम कीमतों के रूप में मिलेगा। इस मौके पर उनके साथ मौजूद कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नागरिक देवो भव का मंत्र दिया है। आज नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही जीएसटी सुधार लागू हुए हैं, जिसे हम ‘बचत उत्सव’ के रूप में मना रहे हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार ने 2017 में जीएसटी लागू कर बड़ा सुधार किया था और अब फिर जनता को राहत देने के लिए नए सुधार किए हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि अब जीएसटी टैक्स स्लैब को घटाकर सिर्फ दो श्रेणियों में कर दिया गया है-5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत। इसके तहत 95 प्रतिशत वस्तुएं 5 प्रतिशत वाले स्लैब में आ गई हैं। इसमें शैक्षणिक सामग्री, खेल उत्पादों से लेकर घर में इस्तेमाल होने वाली दैनिक जरूरत की चीजें शामिल हैं। जीएसटी सुधार से रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं और जीवन रक्षक दवाओं सहित लगभग 370 प्रोडक्ट्स पर टैक्स कम हुआ है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की डिस्पोजेबल इनकम बढ़ाना है, जिससे अर्थव्यवस्था में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश होगा।-(IANS)