कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) ने उत्तराखंड से इराक को पहली बार फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज के निर्यात को सफलतापूर्वक सुगम बनाया है। यह पहल राज्य से वैल्यू-ऐडेड कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और भारत के प्रोसेस्ड फूड एक्सपोर्ट को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
पहली खेप में 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर स्थित विरुन ग्लोबल ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इराक भेजी गई।
निर्यातक कंपनी ने भरोसा जताया कि उत्पाद की गुणवत्ता के आधार पर भविष्य में दोबारा ऑर्डर मिलने की संभावना है, जिससे उत्तराखंड के प्रोसेस्ड फूड उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी।
APEDA ने निर्यातक को SIAL, Gulfood, IndusFood और World Food India जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में भागीदारी के जरिए वैश्विक खरीदारों तक पहुंच बनाने में सहयोग दिया है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने 7.27 लाख मीट्रिक टन प्रोसेस्ड सब्जियों का निर्यात किया, जिसकी कीमत 932.25 मिलियन डॉलर रही। वहीं, वैल्यू-ऐडेड आलू उत्पादों का निर्यात 2.77 लाख मीट्रिक टन रहा, जिसकी कीमत 289.40 मिलियन डॉलर दर्ज की गई।
APEDA के चेयरमैन अभिषेक देव ने कहा कि उत्तराखंड जैसे भू-आवेष्ठित (Landlocked) राज्यों के लिए लॉजिस्टिक्स लागत निर्यात प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करती है। उन्होंने बताया कि APEDA राज्य सरकार के साथ मिलकर राज्य कृषि निर्यात नीति पर काम कर रहा है, जिसमें परिवहन सहायता जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं ताकि निर्यातकों की वैश्विक बाजार तक पहुंच और प्रतिस्पर्धा बढ़ाई जा सके।
(इनपुट-आईएएनएस)


