प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और पूर्व राज्य सभा सांसद सुशील मोदी का सोमवार को देर रात निधन हो गया। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उन्होंने आखिरी सांस ली। 72 साल के सुशील मोदी गले के कैंसर से पीड़ित थे और दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर उनके निधन की जानकारी दी।

सुशील कुमार मोदी ने बीते तीन अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा था कि पिछले छह माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है। लोकसभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा। प्रधानमंत्री को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए एक एक्स पोस्ट में कहा कि “पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!”

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5530886
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024