Print

एम्स दिल्ली में बर्न मरीजों के लिए मुफ्त सर्जरी अभियान शुरू

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली का बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग अमेरिका के Rotaplast International और Rotary Club Restoring Smiles के सहयोग से बर्न के निशान और त्वचा की सिकुड़न से परेशान मरीजों की मुफ्त सर्जरी करेगा। इस अभियान की जानकारी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंघल ने बुधवार को ट्रेनिंग कैंप की शुरुआत के मौके पर दी।

प्रशिक्षण में एम्स के 80 मेडिकल स्टाफ शामिल

डॉ. सिंघल ने बताया कि रोटाप्लास्ट इंटरनेशनल की ओर से अमेरिका के 10 और फिलिपींस के एक विशेषज्ञ की टीम अगले 10 दिनों तक एम्स के डॉक्टरों, नर्सों और ऑपरेशन थिएटर स्टाफ को प्रशिक्षण देगी। इस प्रशिक्षण में एम्स के 80 मेडिकल स्टाफ शामिल हैं।

126 बर्न मरीजों को इस अभियान के लिए पंजीकृत किया गया

देशभर से 126 बर्न मरीजों को इस अभियान के लिए पंजीकृत किया गया था, जिनमें से 51 मरीज सर्जरी योग्य पाए गए हैं। आने वाले 10 दिनों में इन सभी मरीजों की नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी। साथ ही एम्स का यह प्रयास है कि इस तरह की सर्जरी को एक मॉडल के रूप में विकसित किया जाए, ताकि गांव और छोटे शहरों के मरीजों तक भी विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

स्किन बैंक की दिशा में बड़ी पहल

रोटरी क्लब के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर भारत में स्किन बैंक की सुविधा नहीं थी, जिसे लेकर अब एम्स के साथ मिलकर एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सर्जरी के बाद मरीजों को स्किन एस्टेब्लिशमेंट में दिक्कत आती है। त्वचा खराब हो जाने के कारण मरीज समाज में सामान्य जीवन नहीं जी पाते। ऐसे मरीजों को मदद देने और उनके जीवन में आत्मविश्वास लौटाने के लिए यह पहल शुरू की गई है।

यह अभियान अब धीरे-धीरे देश के अन्य छोटे शहरों तक भी पहुंचाया जाएगा

एम्स दिल्ली से शुरू हुआ यह अभियान अब धीरे-धीरे देश के अन्य छोटे शहरों तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि बर्न पीड़ित मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज मिल सके।

यह कदम न केवल बर्न मरीजों को नई उम्मीद देगा, बल्कि आने वाले समय में देश में बर्न केयर और पुनर्निर्माण सर्जरी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा।