Print

कैश से क्यूआर कोड तकः UPI ने कैसे बदली भारत की पेमेंट प्रणाली

भारत में डिजिटल पेमेंट सिस्टम ने पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव देखा है। पहले जहां लोगों को पैसे भेजने या बिल भरने के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ता था, वहीं अब मोबाइल और QR कोड के जरिए कुछ ही सेकंड में लेन-देन संभव हो गया है।

भारत की भुगतान प्रणाली का इतिहास काफी पुराना है, जिसमें बार्टर सिस्टम से लेकर सिक्के, कागजी नोट और चेक तक का सफर शामिल है। लंबे समय तक कैश ही प्रमुख माध्यम रहा और बैंकिंग सुविधाएं मुख्य रूप से शहरों तक सीमित थीं, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के लोग वित्तीय सेवाओं से वंचित रह जाते थे।

2000 के दशक में डिजिटल बदलाव की शुरुआत हुई, जब आरबीआई ने RTGS और IMPS जैसी सेवाएं शुरू कीं। इनसे लेन-देन तेज हुआ, लेकिन इनका लाभ सीमित लोगों तक ही पहुंच पाया। असली बदलाव तब आया जब ‘JAM Trinity’ — जनधन, आधार और मोबाइल — ने मिलकर एक मजबूत डिजिटल ढांचा तैयार किया। जनधन योजना से बैंक खाते खुले, आधार ने पहचान दी और मोबाइल-इंटरनेट ने लोगों को डिजिटल ट्रांजैक्शन से जोड़ा। इससे DBT के जरिए सरकारी लाभ सीधे खातों में पहुंचने लगे और लोगों का भरोसा बढ़ा।

2016 में शुरू हुआ UPI इस बदलाव का सबसे बड़ा आधार बना। इसने पैसे भेजने की प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया, जहां अब अकाउंट नंबर या IFSC की जरूरत नहीं होती, बल्कि केवल UPI ID या मोबाइल नंबर से तुरंत ट्रांजैक्शन हो जाता है। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहती है और सभी बैंकों के बीच आसानी से काम करती है।

आज UPI का प्रभाव देश के हर वर्ग तक पहुंच चुका है। छोटे दुकानदार, ऑटो चालक, गांव के व्यापारी और घरेलू कामगार भी डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल कर रहे हैं। जनवरी 2026 में ही 21.7 अरब से ज्यादा ट्रांजैक्शन हुए और ₹28.33 लाख करोड़ का लेन-देन हुआ। भारत में कुल डिजिटल ट्रांजैक्शन में UPI की हिस्सेदारी 81 प्रतिशत है और दुनिया के रियल-टाइम पेमेंट में भारत की भागीदारी 49 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

डिजिटल पेमेंट सिस्टम अब भारत की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बन चुका है। यह न सिर्फ लेन-देन को आसान बना रहा है, बल्कि छोटे कारोबारियों और आम लोगों को औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जोड़कर उन्हें नए अवसर भी दे रहा है। आरबीआई द्वारा लागू दो-स्तरीय सुरक्षा प्रणाली से यह और सुरक्षित हो गया है, जिससे लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

आज भारत का डिजिटल पेमेंट मॉडल दुनिया के कई देशों के लिए उदाहरण बन चुका है। UPI अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विस्तार कर रहा है और भारत को वैश्विक फिनटेक लीडर के रूप में स्थापित कर रहा है।