भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से भ्रामक स्वास्थ्य, पोषण, व्यापार और उत्पाद संबंधी दावों को लेकर जारी नोटिस के बाद कई खाद्य कारोबार संचालकों (FBOs) ने सुधारात्मक कदम उठाए हैं। कंपनियों ने विज्ञापन हटाने, उत्पादों को सूची से हटाने और नियमों के अनुपालन के लिए पैकेजिंग में बदलाव किए हैं।
FSSAI ने बताया कि ये कार्रवाई यह सुनिश्चित करने के प्रयासों का हिस्सा है कि खाद्य उत्पादों के लेबल और प्रचार सामग्री में ऐसे दावे न किए जाएं, जो उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं।
FSSAI ने कहा कि प्रमुख खाद्य कारोबार संचालकों ने उसके नोटिस के बाद तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की है। इन उपायों में भ्रामक लेबल दावों को हटाना और उपभोक्ता सुरक्षा तथा नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए उत्पाद पैकेजिंग में बदलाव करना शामिल है।
मामलों में से एक में मोंडेलेज़ इंडिया फूड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भ्रामक स्वास्थ्य दावे और पोषक तत्वों से संबंधित तुलनात्मक दावे किए गए थे। FSSAI के नोटिस के बाद कंपनी ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से इन दावों और विज्ञापनों को हटा लिया तथा अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए।
Sapiens Labs को भी एक भ्रामक दावे को लेकर नोटिस जारी किया गया था। खाद्य कारोबार संचालक ने प्राधिकरण को अपना जवाब सौंपा और उत्पाद से जुड़े सभी दावों तथा विज्ञापनों को वापस ले लिया।
एक अन्य मामले में Vichlagro Products Pvt Ltd द्वारा विपणन किए गए और Mrs Janki Jay Barot/JJ Foods द्वारा प्रसंस्कृत एवं पैक किए गए उत्पादों पर भ्रामक व्यापार नाम का इस्तेमाल पाया गया। FSSAI के हस्तक्षेप के बाद Flipkart की ओर से जवाब प्राप्त हुआ और संबंधित खाद्य कारोबार संचालक ने उत्पाद को प्लेटफॉर्म से हटा दिया।
दिल्ली स्थित Amway India Enterprises Pvt Ltd द्वारा “100 per cent Pure Coconut Oil” नाम के उत्पाद में “100 per cent” शब्द का इस्तेमाल पाया गया। FSSAI ने कहा कि यह इस्तेमाल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विज्ञापन एवं दावे) विनियम, 2018 के प्रावधानों के साथ-साथ खाद्य उत्पादों के लेबल और प्रचार सामग्री में “100 per cent” शब्द को बंद करने संबंधी सलाह का उल्लंघन था।
नोटिस के बाद Amway India ने अनुपालन संबंधी जवाब दाखिल करते हुए पुष्टि की कि उसने स्वेच्छा से उत्पाद की पैकेजिंग और प्रचार सामग्री से “100 per cent” शब्द हटा दिया है। कंपनी ने यह भी पुष्टि की कि पुराने स्टॉक की बिक्री चैनलों से आपूर्ति बंद कर दी गई है।
(इनपुट-आईएएनएस)


