FSSAI ने Marico, Ferrero, Bikanervala समेत 14 कंपनियों को भ्रामक दावों पर भेजा नोटिस

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भ्रामक विज्ञापनों, गलत उत्पाद दावों, ब्रांडिंग, लेबलिंग में अनियमितताओं और उपभोक्ता शिकायतों के मामलों में Marico, Ferrero, Bikanervala सहित 14 खाद्य कंपनियों को नोटिस जारी किया है।

FSSAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि ये नोटिस खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और खाद्य विज्ञापन एवं दावा विनियम, 2018 के तहत जारी किए गए हैं। नियामक ने संबंधित कंपनियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

FSSAI के अनुसार, फूड ब्रांड Pluckk के आम के जूस पर लगाए गए “No Added Sugar” दावे की जांच की जा रही है, क्योंकि उत्पाद के घटकों में आम का गूदा और गन्ने का रस शामिल है। नियामक का मानना है कि यह दावा उपभोक्ताओं को उत्पाद में मौजूद चीनी की मात्रा के बारे में भ्रमित कर सकता है।

इसी तरह, एक पनीर उत्पाद पर इस्तेमाल किए गए “Natural Paneer” शब्द पर भी आपत्ति जताई गई है। FSSAI का कहना है कि मिश्रित खाद्य पदार्थों के लिए “Natural” शब्द का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है।

नोटिस पाने वाली अन्य कंपनियों में Gaur Healthy Food, MasterChow Foods Pvt Ltd, Ferrero India और Marico Ltd शामिल हैं। Ferrero India के Kinder Joy Coated Wafer Biscuit पर किए गए “Rich in Milk Solids” दावे और Marico के Saffola Total Heart Pro Cooking Oil से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी दावों की भी समीक्षा की जा रही है।

इसके अलावा, Medizen Labs, Nexa Industries, Raw Pressery तथा कुछ न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों पर किए गए स्वास्थ्य और प्रदर्शन बढ़ाने वाले दावों को लेकर भी नोटिस जारी किए गए हैं। FSSAI का कहना है कि ऐसे दावों के लिए वैज्ञानिक प्रमाण आवश्यक हैं या वे वर्तमान नियमों के तहत अनुमत नहीं हैं।

उपभोक्ता शिकायतों के आधार पर Bikanervala और Param Dairy Limited को भी नोटिस भेजे गए हैं। Bikanervala के खिलाफ शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक कर्मचारी संचालन के दौरान रसोई क्षेत्र में भोजन करता दिखाई दिया, जिससे स्वच्छता संबंधी सवाल उठे।

वहीं Param Dairy Limited को रेलवे कैटरिंग सेवा (IRCTC) के माध्यम से आपूर्ति किए गए दही और रबड़ी में फफूंद (Fungal Contamination) की शिकायत के बाद नोटिस जारी किया गया है। कंपनी से उत्पाद आपूर्ति, गुणवत्ता नियंत्रण और सुधारात्मक कदमों की जानकारी मांगी गई है।

FSSAI ने कहा है कि सभी संबंधित कंपनियों को खाद्य सुरक्षा, विज्ञापन और लेबलिंग नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने होंगे।

-(इनपुटःएजेंसी)