Print

जीई एयरोस्पेस का पुणे इकाई में 100 करोड़ रुपये का नया निवेश

जीई एयरोस्पेस ने भारत में अपने परिचालन विस्तार के तहत पुणे स्थित विनिर्माण इकाई में 100 करोड़ रुपये के नए निवेश की घोषणा की है।

कंपनी ने कहा कि यह निवेश बुनियादी ढांचे के उन्नयन, आधुनिक उपकरणों की स्थापना और उत्पादन प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा।

इस निवेश का उपयोग नई वेल्डिंग तकनीकों, उन्नत निरीक्षण प्रणालियों, सटीक उपकरणों, गेज, फिक्स्चर और अतिरिक्त आधारभूत सुविधाओं के विकास में किया जाएगा, ताकि उत्पादन क्षमता और निर्माण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।

कंपनी के अनुसार, इस नए निवेश के साथ पिछले तीन वर्षों में पुणे इकाई में कुल निवेश 510 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इनमें से 410 करोड़ रुपये का निवेश पिछले दो वर्षों में किया गया था।

जीई एयरोस्पेस ने बताया कि इन उन्नयनों से जीई90, जीईएनएक्स, जीई9एक्स और CFM International के लीप इंजन कार्यक्रमों के उत्पादन को और मजबूती मिलेगी।

सीएफएम इंटरनेशनल, GE Aerospace और Safran का संयुक्त उपक्रम है।

कंपनी ने कहा कि यह निवेश भारत में कौशल विकास और एयरोस्पेस विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की उसकी रणनीति के अनुरूप है।

वर्ष 2015 से पुणे इकाई में 5,000 से अधिक उत्पादन सहयोगियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

कंपनी के अनुसार, विस्तार योजनाओं से अप्रेंटिसशिप और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिनका लाभ कंपनी के साथ-साथ आपूर्तिकर्ता साझेदारों को भी मिलेगा।

पुणे संयंत्र वाणिज्यिक विमान इंजनों के महत्वपूर्ण पुर्जों का निर्माण करता है और यह GE Aerospace की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा है।

यह इकाई भारत के 300 से अधिक स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के साथ काम करती है और देश में कंपनी के 2,200 से अधिक आपूर्तिकर्ताओं वाले बड़े नेटवर्क का हिस्सा है।

कंपनी के रक्षा इंजन और प्रणालियां वर्तमान में भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसेना के कई मंचों को शक्ति प्रदान कर रही हैं।

इसके अलावा भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा उपयोग किए जा रहे विमानों में 1,400 से अधिक जीई और सीएफएम इंजन संचालन में हैं।

इससे पहले अप्रैल में GE Aerospace ने भारतीय वायुसेना के साथ समझौता कर देश में एफ404-आईएन20 इंजनों के लिए रखरखाव सुविधा स्थापित करने की घोषणा की थी। ये इंजन Hindustan Aeronautics Limited के तेजस लड़ाकू विमान में उपयोग किए जाते हैं।

-आईएएनएस