मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का रुख देखने को मिला, जिसमें अब तक करीब 4.3 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 10:34 बजे 2 अप्रैल 2026 के वायदा अनुबंध में सोना 2,094 रुपये या 1.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,37,166 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,36,684 रुपये का न्यूनतम और 1,38,450 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी मंगलवार को कमजोरी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 मई 2026 के वायदा अनुबंध में चांदी 9,837 रुपये या 4.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,15,330 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,15,330 रुपये का न्यूनतम और 2,19,658 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की मुख्य वजह डॉलर इंडेक्स में मजबूती को माना जा रहा है। दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला यह इंडेक्स खबर लिखे जाने तक 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.23 के स्तर पर पहुंच गया था।
डॉलर इंडेक्स में यूरो, जापानी येन, ब्रिटिश पाउंड, कैनेडियन डॉलर, स्विस फ्रैंक और स्वीडिश क्रोना जैसी प्रमुख मुद्राएं शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। खबर लिखे जाने तक सोना 1.67 प्रतिशत या 73 डॉलर की गिरावट के साथ 4,356 डॉलर प्रति औंस और चांदी 3.78 प्रतिशत या 2.625 डॉलर टूटकर 66.73 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
हाल के दिनों में सोने और चांदी दोनों में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है। पिछले एक सप्ताह में (डॉलर के आधार पर) सोना 13 प्रतिशत से अधिक और एक महीने में 15 प्रतिशत से ज्यादा फिसल चुका है। वहीं, चांदी में भी बीते एक सप्ताह में 16 प्रतिशत से अधिक और एक महीने में 24 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। (इनपुट- आईएएनएस)


