प्रतिक्रिया | Thursday, March 06, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड के हर्षिल में ट्रेक और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाने के बाद शीतकालीन पर्यटन कार्यक्रम में भाग लिया। इससे पहले उन्होंने मां गंगा के शीतकालीन गद्दी स्थल मुखवा में भी पूजा-अर्चना और दर्शन किये। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी उनके साथ रहे, इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के बीच शानदार बॉन्डिंग देखी गईं।

एक के बाद एक महत्वपूर्ण फैसले लेने और उन्हें अमल में लाने के मुख्यमंत्री धामी के अंदाज को शीर्ष स्तर पर पसंद किया जा रहा है। चाहे समान नागरिक संहिता हो या राष्ट्रीय खेलों का आयोजन, प्रधानमंत्री के स्तर पर मुख्यमंत्री को भरपूर शाबासी मिली है।

अब शीतकालीन यात्रा के लिए राज्य सरकार के प्रयास पर प्रधानमंत्री मोदी संतुष्ट नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में इसका बार-बार जिक्र भी किया। उन्होंने शीतकालीन यात्रा के उत्तराखंड से जुड़े आर्थिक पहलू को रेखांकित करते हुए इसे अभिनव पहल बताया। साथ ही, इसके लिए मुख्यमंत्री और उनकी सरकार को धन्यवाद भी दिया।

आज अपने संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, वह गौर करने योग्य रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘छोटा भाई’ और ‘ऊर्जावान मुख्यमंत्री’ कहते हुए संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में डबल गति से जारी विकास कार्यों से साफ है कि ये दशक उत्तराखंड का दशक है। उन्होंने यह भी कहा कि आज देवभूमि के हर्षिल में अपने परिवारजनों से मिलकर अत्यंत हर्षित हूं।

हर्षिल की जनसभा के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी को क्षेत्रवासियों के जबरदस्त उत्साह के दर्शन हुए। कार्यक्रम में कई बार ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंजते रहे। इस पर प्रधानमंत्री कई बार मुस्कराए। कई बार उन्होंने विनम्रता से हाथ जोड़ लिए। पारंपरिक परिधान और टोपी पहने प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कई आंचलिक शब्दों का इस्तेमाल भी किया।

आगंतुकों: 19490790
आखरी अपडेट: 6th Mar 2025